भोपाल , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग में 20 हजार पदों पर नई भर्तियां की जाएंगी। इसके अलावा प्रदेश में 200 नए सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे और जनजातीय क्षेत्रों में 200 नए विद्यालय भवन बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में ये घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने करीब 950 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति के आदेश भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुकंपा नियुक्ति पाने वालों में 661 सहायक ग्रेड-3, 31 प्राथमिक शिक्षक और 262 चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के मुखिया के निधन के बाद आश्रितों को समय पर अनुकंपा नियुक्ति मिलने से उन्हें आर्थिक संबल मिलता है। सरकार ने इस प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए प्रयास किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब तक 85 हजार नियुक्तियां कर चुकी है और स्कूल शिक्षा विभाग में आने वाले समय में 20 हजार पदों पर और भर्ती की जाएगी। हालांकि, इन पदों पर भर्ती की समय-सीमा, पदवार संख्या और चयन प्रक्रिया का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था के विस्तार के साथ स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं और अधोसंरचना को मजबूत करने पर भी जोर दे रही है।

डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 369 सांदीपनि विद्यालय संचालित हो रहे हैं। अब 200 नए सांदीपनि विद्यालयों को अनुमति देने की पहल की जा रही है। इसके साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में 200 नए विद्यालय भवनों को मंजूरी देने की बात कही गई है। उन्होंने शिक्षा बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2003 से पहले स्कूल शिक्षा विभाग का बजट करीब 400 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये हो गया है।

स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि पहले अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया में कई बार वर्षों लग जाते थे, लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देश और विभागीय प्रयासों से इसमें तेजी आई है। उन्होंने बताया कि पदोन्नति से रिक्त हुए पदों के माध्यम से नियुक्तियों का रास्ता बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा की। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले विद्यार्थियों को 500 लैपटॉप दिए जाते थे, जबकि अब एक लाख 45 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए हैं। विद्यार्थियों को स्कूटी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित