ग्वालियर , जून 17 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि प्रदेश में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में वन टाइम फीस (ओटीएफ) व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।

श्री पटवारी ने यह बात भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा बुधवार को आयोजित ''रन फॉर ओटीएफ'' मैराथन के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनाव के दौरान इसे लागू करने का वादा किया था, लेकिन अब तक लागू नहीं किया गया। वहीं स्मार्ट मीटर एक घोटाला है। यह लूट की योजना है और उस लूट की योजना में सबसे ज्यादा कमीशन ऊर्जा मंत्री लेते हैं।

उन्होंने बिजली कंपनी द्वारा उपभोक्तओं के घर पर लगाए जा रहे हैं स्मार्ट मीटर के मामले में प्रदेश सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर मैन्युपलेट होता है एक जगह से। कब बिल बढ़ाना है, कब घटाना है। बार-बार स्मार्ट मीटर लगने के कारण जो बिल है। लगातार सबा गुना तक बढ़ गया है। कहीं-कहीं तो डबल तक हो गया है पर सरकार मौन है।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री गटर साफ कर रहे हैं। यहां के ऊर्जा मंत्री झाड़ू लगा रहे हैं पर मीटर पर किस तरह का करप्शन है उसकी सफाई नहीं कर रहे हैं। ये बहुत दुख का विषय है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में ओटीएफ व्यवस्था लागू है और मध्यप्रदेश में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, ताकि छात्रों को हर भर्ती परीक्षा के लिए अलग-अलग आवेदन शुल्क न देना पड़े।

श्री पटवारी ने दावा किया कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के आवेदन शुल्क के कारण एक छात्र को सालभर में करीब 40 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ते हैं। यह आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी चुनौती है।

इससे पहले मैराथन आज सुबह सात बजे मेला ग्राउंड से शुरू हुई। यह गोला का मंदिर, हजीरा और सेवा नगर होते हुए फूलबाग मैदान पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

समापन कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भान चिब ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं के लिए बार-बार आवेदन शुल्क लेना युवाओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालता है। उन्होंने कहा कि 'एक फीस-अनेक परीक्षा' व्यवस्था लागू होने से लाखों युवाओं को राहत मिलेगी। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ओटीएफ की मांग को लेकर ग्वालियर से प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत की जा रही है। आने वाले दिनों में प्रदेशभर में पदयात्राएं, मशाल जुलूस और जनजागरण अभियान आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक पंकज उपाध्याय, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, पूर्व मंत्री सचिन यादव, राष्ट्रीय महासचिव मितेन्द्र दर्शन सिंह सहित कांग्रेस पदाधिकारी और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित