भोपाल , फरवरी 26 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में सिंथेटिक ड्रग्स, विशेषकर एमडी और एमडीएमए की लगातार बरामदगी को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि यह प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है और युवाओं के भविष्य के लिए बड़ा खतरा है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में मंदसौर में एक किराए के मकान से 1886 किलो एमडी ड्रग्स बनाने में प्रयुक्त केमिकल की बरामदगी अत्यंत गंभीर मामला है। इतनी बड़ी मात्रा में केमिकल का मिलना इस बात का संकेत है कि प्रदेश में सिंथेटिक ड्रग्स का उत्पादन और सप्लाई नेटवर्क गहराई तक फैला हुआ है।

श्री पटवारी ने कहा कि यह कोई एकल घटना नहीं है, बल्कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सामने आए मामलों की श्रृंखला है। मंदसौर में 26 फरवरी को 1886 किलो केमिकल की बरामदगी में राजस्थान कनेक्शन की आशंका जताई गई है। इंदौर में 34.6 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तारी हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये कीमत बताई गई। भोपाल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी एमडी की खेपें पकड़ी गई हैं, जिनका संबंध युवाओं और कॉलेज छात्रों तक बताया गया है। उज्जैन-नीमच क्षेत्र में सीमावर्ती इलाकों में कार्रवाई जारी है, जबकि ग्वालियर-चंबल अंचल में अंतरराज्यीय गिरोहों के माध्यम से सप्लाई का खुलासा हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासन में नशा माफिया बेखौफ होकर सक्रिय हैं और उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि अब तक पकड़े गए मामलों में किन-किन आरोपियों पर कार्रवाई की गई और कौन-कौन संलिप्त हैं, यह तथ्य सार्वजनिक किए जाएं।

श्री पटवारी ने मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय, समयबद्ध और निष्पक्ष जांच कराई जाए, अंतरराज्यीय नेटवर्क और बड़े सरगनाओं को तत्काल गिरफ्तार कर उनके नाम सार्वजनिक किए जाएं, प्रदेश स्तर पर विशेष एंटी-सिंथेटिक ड्रग्स टास्क फोर्स गठित की जाए तथा स्कूल-कॉलेज स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान और नशा मुक्ति पुनर्वास नीति लागू की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने ठोस कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी जनआंदोलन शुरू करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित