भोपाल , मई 24 -- मध्यप्रदेश में मौसम ने दोहरे तेवर दिखाए हैं। एक ओर प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान और हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं दूसरी ओर कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार 24 मई सुबह 08:30 बजे तक पिछले 24 घंटे में भिंड और मुरैना जिलों में आंधी-तूफान की सूचना दर्ज की गई। वहीं मुरैना, श्योपुरकलां, ग्वालियर और भिंड जिलों में कहीं-कहीं वर्षा भी हुई।
वही दोपहर बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिले, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ। शाम 5:30 बजे जारी मौसम अवलोकन के अनुसार प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान नौगांव में 45.6degC दर्ज किया गया, जबकि खजुराहो 45.2degC, टीकमगढ़ 45.0degC, गुना 44.8degC, ग्वालियर 44.6degC और भोपाल 43.3degC रहा। राजधानी भोपाल में दिनभर तेज धूप और उमस का असर देखने को मिला।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम प्रणाली के प्रभाव से उत्तर और उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू जैसे हालात बने रहने की संभावना है। लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित