भोपाल , दिसंबर 09 -- मध्यप्रदेश सरकार की मंत्री प्रतिमा बागरी के सगे भाई के गांजे की तस्करी के मामले में पकड़े जाने पर हमला बोलते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज कहा कि प्रदेश में अब ड्रग नेटवर्क नहीं, बल्कि "भाजपा रिश्तेदार नेटवर्क" सक्रिय हो गया है।

उन्होंने कहा कि सत्ताधारी भाजपा नेताओं के परिजन लगातार आपराधिक गतिविधियों में पकड़े जा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या सत्ता के नशे में डूबी भाजपा का परिवारवाद यही रूप है। मंत्री के घर से गांजे की तस्करी के तार जुड़े हों और प्रदेश के गृह मंत्री मौन धारण कर लें, तो जवाबदेही कहाँ है?उन्होंने हाल के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले एमडी ड्रग मामले में मंत्री विश्वास सारंग के करीबी लोग पकड़े गए थे। अब भाजपा मंत्री प्रतिमा बागरी के बहनोई और सगे भाई को लंबी खेप के साथ गांजा बेचते गिरफ्तार किया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूरे देश में अकेला मध्यप्रदेश 17,000 करोड़ रुपए का राजस्व शराब बेचकर कमाने का लक्ष्य रखता है और अवैध नशे के कारोबार में पंजाब को भी पीछे छोड़ रहा है।

श्री पटवारी ने मंत्री प्रतिमा बागरी के इस्तीफे की भी मांग की।

नगरीय प्रशासन राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी का भाई कल सतना में गांजे की तस्करी के आरोप में पकड़ा गया है। इसके बाद से वे लगातार सवालों के घेरे में आ रहीं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित