भोपाल , मई 23 -- मध्य प्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही है। इसी क्रम में विगत दो सप्ताह में विभिन्न जिलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुये लगभग चार करोड़ सात लाख रुपये से अधिक की अवैध शराब, तस्करी में प्रयुक्त वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्रदेश जनसंपर्क अधिकारी ने जारी विज्ञप्ति में शनिवार को यह जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि 14 जिलों में से सागर जिले के मकरोनिया एवं यातायात पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब से भरे कंटेनर ट्रक से लगभग 1500 पेटी अंग्रेजी शराब सहित लगभग एक करोड़ आठ लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
सिवनी जिले में मालवा पुलिस द्वारा 2574 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब एवं बोलेरो पिकअप सहित 27 लाख 74 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वहीं एक अन्य कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4,859 लीटर अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा नौ चार पहिया एवं पांच दुपहिया वाहन सहित 80 लाख 62 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
इंदौर जिले की थाना कनाडिया पुलिस ने 340 पेटी बीयर (4080 लीटर) सहित लगभग 74 लाख 24 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
उन्होंने बताया कि धार जिले में धामनोद पुलिस ने एक ट्रक से 514 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब एवं ट्रक सहित लगभग 40 लाख 84 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
रतलाम पुलिस ने कंटेनर ट्रक से 5172 बल्क लीटर अवैध बीयर सहित लगभग 25 लाख 68 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसके अलावा आलीराजपुरजिले के आजादनगर एवं जोबट पुलिस द्वारा अलग-अलग कार्रवाईयों में 120 पेटी अवैध शराब, 40 पेटी बीयर एवं 33 पेटी बीयर सहित लगभग 15 लाख 97 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की है।
मुरैना जिले की कोतवाली, माताबसैया एवं रिठौराकलाँ पुलिस द्वारा अलग- अलग कार्यवाहियों में अवैध देशी शराब एवं बोलेरो वाहन सहित लगभग सात लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।
कटनी जिले में ऑपरेशन "शिकंजा" के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध शराब एवं कार सहित लगभग छह लाख 39 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की।
डिंडोरी थाना कोतवाली पुलिस ने 84.39 लीटर अवैध शराब, मोटरसाइकिल, मोबाइल एवं नगदी सहित पांच लाख 37 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की।
सीधी जिला के थाना जमोड़ी पुलिस ने बोलेरो वाहन से 25 पेटी बीयर सहित लगभग पांच लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। दतिया थाना अतरेटा पुलिस ने 146 लीटर अवैध शराब एवं स्कॉर्पियो वाहन सहित लगभग चार लाख 61 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। छतरपुर जिला में ईशानगर एवं जुझारनगर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में अवैध शराब एवं कार सहित लगभग एक लाख 70 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। सिंगरौलीबरगवां थाना पुलिस ने कार से 152 लीटर अवैध शराब सहित लगभग एक लाख 81 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की है। उज्जैन जिले की नागझिरी थाना पुलिस ने 312 क्वार्टर अवैध अंग्रेजी शराब एवं मोटरसाइकिल सहित एक लाख 74 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है। आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित