बड़वानी , अप्रैल 08 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में आज बुधवार दोपहर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजकर 48 मिनट पर अचानक धरती में कंपन महसूस हुआ। विभाग की वेबसाइट पर भूकंप की तीव्रता 3.6 रिक्टर स्केल दर्ज की गई, जबकि बड़वानी स्थित वेधशाला में इसकी तीव्रता 3.4 रिक्टर स्केल मापी गई।
जिले के प्रभारी एडीएम सोहन कनास ने सेंधवा सहित अन्य क्षेत्रों में झटके महसूस होने की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है और विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सेंधवा के सुदामा कॉलोनी निवासी एक व्यापारी ने बताया कि वे अपने घर की पहली मंजिल पर थे, तभी अचानक कंपन महसूस हुआ। उनकी पत्नी ने भी रसोई में झटके महसूस होने की पुष्टि की। एक अन्य व्यवसायी ने झटकों के साथ तेज आवाज सुनाई देने की बात कही।
अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मोहिपुरा में भी झटके स्पष्ट रूप से महसूस किए गए, जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों के अनुसार कंपन कुछ समय तक बना रहा और घरों में रखे बर्तन, पंखे तथा फर्नीचर हिलते हुए देखे गए।
जिला मुख्यालय स्थित भूकंप केंद्र की सिस्मोमीटर मशीन ने भी 3.4 रिक्टर स्केल की तीव्रता दर्ज की। केंद्र के ऑपरेटर के अनुसार यह उपकरण चौबीसों घंटे संचालित रहता है और आसपास के क्षेत्र में भूगर्भीय हलचल दर्ज करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित