भोपाल , अगस्त 13 -- मध्यप्रदेश राज्य फेंसिंग अकादमी की प्रतिभाशाली फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाभाड़े ने सीनियर कामनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए वूमेन्स एपी टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अर्जित कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। नाइजीरिया में 09 से 14 अगस्त तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में खुशी ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए यह सफलता हासिल की।

इससे पहले इसी प्रतियोगिता की वूमेन्स एपी व्यक्तिगत स्पर्धा में खुशी दाभाड़े ने रजत पदक अपने नाम किया था। इस प्रकार खुशी ने एक ही अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में रजत और स्वर्ण दोनों पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया है।

खुशी दाभाड़े खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश की मध्यप्रदेश स्पोर्ट्स फेंसिंग अकादमी, भोपाल की खिलाड़ी हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में पहले वूमेन्स एपी व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया और इसके बाद टीम स्पर्धा में भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ा।

खुशी ने इसी वर्ष मई में फ्रांस के सेंट-मॉर-डेस-फॉसेस में आयोजित ईपी महिला विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा वह मिस्र के काहिरा में एफआईई ईपी ग्रां प्री, रूस के कजान में एफआईई सीनियर ईपी विश्व कप तथा दक्षिण कोरिया के सियोल में सीनियर एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खुशी दाभाड़े को सीनियर कामनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 में रजत एवं स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि खुशी की उपलब्धि मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभा, उत्कृष्ट प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की अथक मेहनत का गौरवशाली परिणाम है। एक ही अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में रजत और स्वर्ण पदक जीतना प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है।

खुशी टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल स्थित मध्यप्रदेश स्पोर्ट्स फेंसिंग अकादमी में मुख्य प्रशिक्षक भूपेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके खेल सफर में माता-पिता बाबाराव दाभाड़े एवं विद्या दाभाड़े का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उनकी सफलता मध्यप्रदेश की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेलों में अपना भविष्य बनाने का सपना देख रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित