भोपाल , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अनुष्का शर्मा का भारतीय सीनियर महिला टी-20 क्रिकेट टीम में दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए चयन किया गया है, जो प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
भारतीय टीम 17 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में हिस्सा लेगी। घोषित 15 सदस्यीय टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन है, जिसमें अनुष्का शर्मा को ऑलराउंडर के रूप में शामिल किया गया है। यह अनुष्का शर्मा के करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय अवसर है, जहां वे देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनका चयन प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की बढ़ती पहचान का प्रतीक माना जा रहा है।
अनुष्का शर्मा ने घरेलू क्रिकेट और वुमेंस प्रीमियर लीग 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने सात पारियों में 177 रन बनाए, जबकि अंडर-23 प्रतियोगिता में आठ पारियों में 322 रन बनाकर अपनी क्षमता साबित की। भारतीय टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान होंगी। टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलन टीम को मजबूती प्रदान करेगा।
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अनुष्का शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है। यह उपलब्धि प्रदेश में विकसित हो रही खेल संस्कृति और प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम मानी जा रही है, जो युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित