ओरछा , अगस्त 31 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 21वीं सदी भारत की होगी और दुनिया भारत को नई पहचान के साथ देखेगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है और प्रदेश का भाजपा संगठन देश के अन्य राज्यों में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है।

श्रीराम राजा की नगरी ओरछा में आयोजित मध्यप्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरि है और वही संगठन की नींव है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी राजनीतिक दल दो मुंहे हैं और उनसे सतर्क रहने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर मुस्लिम समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी मुस्लिमों की भलाई के लिए काम नहीं किया। भाजपा सरकार में मुस्लिम वर्ग को उनका अधिकार और सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिंदू-मुस्लिम की राजनीति की, जबकि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत पर चलती है।

डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2027 महिलाओं को समर्पित किया जाएगा। सरकार महिला सशक्तिकरण को नई पहचान देने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है और इससे पहले युवा वर्ष तथा गरीब कल्याण वर्ष मनाया गया था।

मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना शुरू होने पर कांग्रेस ने इसके नहीं चल पाने को लेकर सवाल उठाए थे, लेकिन सरकार ने योजना जारी रखी है। वर्तमान में करीब एक करोड़ 25 लाख बहनों के खातों में हर माह राशि अंतरित की जा रही है और अब तक 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं को दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक सहायता के साथ आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। रेडीमेड गारमेंट्स जैसी बड़ी औद्योगिक इकाइयों में महिलाओं को रोजगार मिलने पर उन्हें अतिरिक्त लाभ देने की संभावनाओं पर भी सरकार विचार कर रही है।

डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में मध्यप्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता करीब पांच हजार मेगावाट थी, जबकि आज प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता और अधोसंरचना में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अब दिल्ली की मेट्रो भी मध्यप्रदेश की बिजली से चल रही है। सरकार किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के साथ अब दिन में बिजली देने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा का भी विस्तार हुआ है। वर्तमान में 39 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या 50 से अधिक करने का लक्ष्य है। इससे करीब 10 हजार विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय प्रदेश में केवल चार मेडिकल कॉलेज थे। युवाओं को रोजगार और कौशल से जोड़ने के लिए आईटीआई तथा अन्य तकनीकी संस्थानों के माध्यम से प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के वीर जवानों ने देश की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुंदेलखंड के विकास को नई गति मिली है। केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक सौगात है, जिससे सिंचाई, पेयजल और औद्योगिक विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। जिन क्षेत्रों में कभी भय का वातावरण था, वहां शिक्षा, रोजगार, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के जरिए विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।

डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है। इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को बेहतर हवाई संपर्क से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। भोपाल और जबलपुर से आसपास के पर्यटन स्थलों तथा टाइगर रिजर्व तक हेलीकॉप्टर सेवाओं के विस्तार की दिशा में भी काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भोपाल और इंदौर को मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में ग्वालियर और जबलपुर को भी मेट्रोपॉलिटन शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे इन शहरों और आसपास के क्षेत्रों में अधोसंरचना, रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक का आज समापन होगा। समापन से पहले विभिन्न सत्रों में अलग-अलग विषयों पर चर्चा होगी। इसके बाद जिला एवं संभाग प्रभारियों से वन-टू-वन चर्चा कर संगठनात्मक गतिविधियों का फीडबैक लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित