भोपाल , जुलाई 8 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पीथमपुर प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था का 'ग्रोथ इंजन' है और राज्य सरकार यहां 'मेक इन इंडिया-मेक इन एमपी' के लिए मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार अगले ढाई वर्षों में अपने सभी विकास लक्ष्य हासिल करेगी तथा निवेशकों के लिए हरसंभव अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में लिउगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के विस्तारित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कंपनी ने अपनी मौजूदा इकाई के विस्तार के लिए 272 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीथमपुर को ग्रीन इंडस्ट्री, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और वैश्विक निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। यहां ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़े उद्योगों की मजबूत श्रृंखला तैयार की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में इन दिनों बारिश के साथ विकास योजनाओं और औद्योगिक परियोजनाओं की भी "सौगातों की बारिश" हो रही है। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में प्रदेश में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) आया है, जबकि वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में 76 हजार 862 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 82 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि लिउगोंग दुनिया की अग्रणी हेवी अर्थ मूवर्स निर्माता कंपनियों में से एक है। नई उत्पादन इकाई शुरू होने से कंपनी की वार्षिक उत्पादन क्षमता 3,250 मशीनों से बढ़कर 7,500 मशीनों तक पहुंच जाएगी। इस विस्तार से 600 प्रत्यक्ष तथा सहायक उद्योगों एवं सप्लाई चेन के माध्यम से 5 हजार से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही भारतीय उद्योगों से लिए जाने वाले कंपोनेंट्स की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी, जिससे प्रदेश के एमएसएमई और ऑटो कंपोनेंट उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले छह महीनों में 41 हजार 950 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़ी 166 नई औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटित की जा चुकी है, जिनसे लगभग 50 हजार नए रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि पीथमपुर ऑटो पार्ट्स उद्योग का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है और चार से पांच लाख लोगों को रोजगार मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार औद्योगिक विकास के साथ रोजगार सृजन पर भी विशेष ध्यान दे रही है। हाल ही में भोपाल के समीप सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क, शिवपुरी में डिफेंस निर्माण इकाई, नीमच में नई औद्योगिक परियोजनाओं तथा पेप्सीको की अत्याधुनिक उत्पादन इकाई जैसी परियोजनाओं से प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिली है।

लिउगोंग मशीनरी कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन झेंग ज़िन ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कंपनी के ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट ल्यो ग्योबिंग ने कहा कि नया संयंत्र स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने के साथ देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा। वहीं, लिउगोंग इंडिया के कंट्री हेड वरुण विजयवर्गीय ने कहा कि कंपनी 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम में धार विधायक नीना विक्रम वर्मा, मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला, अन्य जनप्रतिनिधि, कंपनी के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित