मधेपुरा , अक्टूबर 19 -- बिहार के मधेपुरा जिले में प्रिंस कुमार हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 32 ग्राम स्मैक, दो देसी कट्टे, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में एक के विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मधेपुरा पुलिस की ओर से आज जारी सूचना के अनुसार, 16 अक्टूबर को दिन में करीब 11 बजे साहुगढ़-गोदियारी सड़क पर राजा ईंट-भट्ठा के निकट 29 वर्षीय प्रिंस कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। प्रिंस कुमार, सुनील कुमार के पुत्र थे और सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के इंद्रवा वार्ड संख्या सात के निवासी थे। वह पल्सर मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी तीन अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया था। इस संबंध में मधेपुरा थाना कांड संख्या 1032/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित