मधेपुरा , अक्टूबर 30 -- बिहार में मधेपुरा जिले के विभिन्न इलाकों में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने शराब और सूखा नशा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जिला समाहर्ता के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत शुक्रवार को जिला मुख्यालय के स्टेडियम के समीप, कॉलेज चौक, सदर अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बुडको मैदान, यूनिवर्सिटी चौक और सदर अस्पताल परिसर समेत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई तथा दवा दुकानों की भी तलाशी ली गई। संदिग्धों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच भी की गई।

विभागीय सूत्रों ने बताया कि अभियान के दौरान अरार थाना क्षेत्र के कांटाही गांव के वार्ड संख्या दो में छापेमारी कर करीब 0.300 लीटर अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इस मामले में लल्टू कुमार और निलेश कुमार को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से ऐसी गतिविधियों की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित