मधेपुरा , अक्टूबर 14 -- बिहार के मधेपुरा जिले के मिठाई पुलिस शिविर क्षेत्र के बेरवा गांव में बुधवार की सुबह बांसबाड़ी से आठवीं कक्षा के एक छात्र का शव बरामद किया गया।पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान गांव निवासी जयकांत यादव के करीब 15 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार के रूप में हुई है। वह मंगलवार शाम से लापता था। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं बांसबाड़ी की ओर गईं, जहां उन्होंने छात्र का शव देखा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि मृतक के कान से खून निकल रहा था और गले पर कई निशान मिले हैं। मामले की जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित