मधेपुरा , अप्रैल 29 -- बिहार के मधेपुरा जिले में सिंहेश्वर थाना पुलिस ने एक तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। एएसपी प्रमेन्द्र भारती ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की सुबह संदेह के आधार पर भवानीपुर वार्ड नंबर 03 निवासी शिवम कुमार को पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में उसके पास अलग-अलग बंडलों में करीब 56,850 रुपये मिले। मामला संदिग्ध लगने पर वरीय पदाधिकारी को सूचना दी गई। शिवम को ज़ब थाना लाया जा रहा था, तभी सूचना मिली कि वाहन में नकद राशि तथा स्मैक मौजूद है।इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट के नीचे रखे पिट्ठू बैग से 13 बंडलों में कुल 8,82,350 रुपये बरामद किए गए। वहीं, शिवम कुमार की जेब से मिले 56,850 रुपये मिलाकर कुल 9,39,200 रुपये जब्त किए गए।इसके अलावा वाहन के सीट कवर से 10.660 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।

श्री भारती ने बताया कि मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।पूछताछ में शिवम कुमार नकद राशि के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। वहीं स्मैक के बारे में उसने बताया कि यह पदार्थ उसने झिटकिया निवासी मो. अफताव, से लिया था, जो मौके से फरार हो गया। शिवम ने यह भी स्वीकार किया कि वह स्मैक की खरीद-बिक्री के अलावा अपने साथियों के साथ चोरी और गृहभेदन की घटनाओं में भी शामिल रहा है।इस मामले में सिंहेश्वर थाना में धारा 8(सी)/21(बी),मादक एवं मनाेतेजक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट ) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ़्तारी के लिये छापेमारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित