मधेपुरा , मार्च 11 -- बिहार में मधेपुरा जिले की पुलिस ने पांच अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की की रात सूचना प्राप्त हुई कि भर्राही थाना क्षेत्र के महेशुआ से बरमोत्तर जाने वाली कच्ची सड़क पर कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की और पांच अपराधियों को धर दबोचा।गिरफ्तार अपराधियों की पहचान विकास कुमार ,मनखुश कुमार, गुलशन कुमार ,सत्यम कुमार तथा मो. इश्तियाक के रूप में की गयी है।

सूत्रों ने बताया किपुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देसी कट्टा, तीन कारतूस, दो मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन, 5,500 रुपया और वारदात में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद किया है।पूछताछ के दौरान अपराधियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य अजय कुमार ने मधेपुरा कॉलेज चौक स्थित एक किराना दुकानदार की दो दिनों तक रेकी की थी। इसके बाद 24 फरवरी को पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार सभी आरोपी दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुकान पहुंचे और सिगरेट-गुटखा मांगने के बहाने लूटपाट का प्रयास किया। जब दुकानदार ने इसका विरोध किया तो विकास कुमार ने उस पर गोली चला दी, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद सभी अपराधी बिरैली बाजार पहुंचे, जहां पहले से बनाई गई योजना के अनुसार उन्होंने तेजनारायण गुप्ता के घर के पिछले हिस्से से प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने तेजनारायण गुप्ता और उनकी पत्नी को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और घर में रखे नकद रुपये तथा जेवरात लूटकर फरार हो गए।

सूत्रों ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित