मधेपुरा , जून 21 -- बिहार में मधेपुरा जिले के मुरलीगंज नगर क्षेत्र में रविवार सुबह एक फास्ट फूड दुकानदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के बनमनखी प्रखंड के धीमा सरस्वती वार्ड संख्या-03 निवासी नंदलाल मालाकार के 45 वर्षीय पुत्र रमेश मालाकार उर्फ बबलू के रूप में की गई है। वह मुरलीगंज में वीमार्ट मॉल के सामने ठेला लगाकर फास्ट फूड का व्यवसाय करता था।व्यवसाय से जुड़े सामान तैयार करने के लिए उन्होंने मॉल के बगल में धर्मकांटा के पास टीन से बने एक कमरे को किराये पर लिया था। आज सुबह रमेश मालाकार का शव उसी दुकाननुमा कमरे के अंदर पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दियाहै।परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

इस बीच घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने रविवार दोपहर मुरलीगंज-पूर्णिया राष्ट्रीय राजमार्ग-107 को महावीर मंदिर के समीप जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित