मधेपुरा , जून 07 -- बिहार सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं सदर विधायक प्रो. चंद्रशेखर के पैतृक गांव भेलवा में महिलाओं ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। शराब की बिक्री और सेवन से परेशान महिलाओं ने एकजुट होकर इसके विरोध में मोर्चा खोलते हुए गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। महिलाओं ने गांव में अवैध शराब के कारोबार और उसके सेवन के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया है। उनका कहना है कि शराब के कारण परिवारों में कलह बढ़ रही है और सामाजिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।

महिलाओं ने चेतावनी दी कि गांव में शराब बेचने और पीने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने प्रशासन से भी अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस समस्या के समाधान के लिए सरकार और प्रशासन लगातार प्रयास कर रहे हैं, उसके खिलाफ अब गांव की महिलाएं स्वयं आगे आकर जनजागरण और विरोध अभियान चला रही हैं। महिलाओं की इस पहल की क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है।

महिलाओं ने "नशामुक्त गांव, खुशहाल परिवार" का संकल्प दोहराते हुए कहा कि गांव को नशामुक्त बनाने के लिए उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस दिशा में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित