मधेपुरा , मार्च 14 -- मधेपुरा जिले के रतवारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में हथियार, अर्द्धनिर्मित पिस्टल तथा हथियार बनाने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है।
उदाकिशुनगंज पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अविनाश कुमार ने बताया कि आज रतवारा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गंगापुर बलहा बासा गांव में राजीव सिंह के घर में मुंगेर के कारीगरों की मदद से अवैध हथियार बनाने का काम चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एसटीएफ, डीआईयू मधेपुरा तथा आलमनगर थाना पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाकर छापेमारी की।
पुलिस टीम ने घर की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। इसी दौरान दो युवक भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान टुनो सिंह और पाण्डव कुमार, दोनों गंगापुर बलहा बासा, थाना रतवारा निवासी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान टुनो सिंह के पास से एक लोडेड देशी कट्टा तथा एक जिंदा कारतूस तथा पाण्डव कुमार के पास से स्लिंग से बंधा देशी मस्कट बरामद किया गया।घर की तलाशी में पुलिस ने 32 अर्द्धनिर्मित पिस्टल, दो मस्कट, दो मैगजीन, दो देशी कट्टा के बैरल, 26 पिस्टल ग्रिप, पिस्तौल स्लाइड के छह टुकड़े, 19 जिंदा कारतूस, लेथ मशीन सहित कई उपकरण व दो मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित