चंडीगढ़ , अप्रैल 23 -- लेखिका मधु किश्वर को विवादित वीडियो मामले की जांच प्रक्रिया में शामिल होने के लिए केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ पुलिस ने दूसरा नोटिस भेजकर उनसे 25 अप्रैल को यहां सेक्टर-26 थाने में उपस्थित होने को कहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इससे पहले इसी मामले में सुश्री किश्वर को 22 अप्रैल को थाने में उपस्थित होने का नोटिस दिया गया था, लेकिन वह नहीं पहुंची थीं।

सुश्री किश्वर ने कहा कि पुलिस टीम गुरुवार सुबह दिल्ली स्थित उनके घर पहुंची थी, जिसमें चंडीगढ़ पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस का एक कर्मी भी शामिल था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अब तक प्राथमिकी की प्रति नहीं दी गयी है, जबकि उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उनके सहायक ने पुलिस के साथ हुई पूरी बातचीत रिकॉर्ड की है, जिसे वह जल्द ही सार्वजनिक करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित