आगर-मालवा , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में एक निजी विद्यालय में परीक्षा के दौरान मधुमक्खियों के हमले में एक नौ वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य विद्यार्थी घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सोयतकलां स्थित स्वामी विवेकानन्द विद्यालय में शुक्रवार दोपहर परीक्षा चल रही थी, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने विद्यार्थियों पर हमला कर दिया। इससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना में चार-पांच विद्यार्थी घायल हो गए, जिनमें कक्षा चौथी का छात्र रमण पिता सज्जनसिंह कराड़ा गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को सोयतकलां के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। रमण की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजस्थान के झालावाड़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित