मधुबनी , अक्टूबर 01 -- बिहार के मधुबनी समाहरणालय भवन की नीलामी पांच नवंबर को होगी।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार पांडेय की अदालत ने एक निष्पादन वाद में भवन की नीलामी का आदेश जारी किया है।
न्यायालय के आदेश के अनुसार, समाहरणालय के दक्षिणी हिस्से में करीब दस कट्ठा जमीन पर बने दो मंजिला भवन की नीलामी पांच नवंबर को सुबह 10 बजे व्यवहार न्यायालय परिसर में होगी।
न्यायालय के नाजीर अवधेश कुमार के अनुसार, यह मामला एमएस राधा कृष्णा एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड बनाम पंडौल को-ऑपरेटिव स्पिनिंग मिल्स प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित है। मामले में राधा कृष्णा लिमिटेड के पक्ष में चार करोड़ 17 लाख 24 हजार 559 रुपये का आदेश पारित हुआ था। निर्धारित राशि का भुगतान नहीं होने पर अदालत ने संपत्ति की नीलामी का आदेश दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित