पटना , अगस्त 23 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मधुबनी जिले के रामपट्टी स्थित मंडल कारागार में 10 अगस्त को मृत पाए गए 19 वर्षीय रोशन यादव की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) से तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।

श्री यादव ने एनएचआरसी को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि रोशन यादव की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की स्वतंत्र जांच आवश्यक है। उन्होंने मृतक और उसके परिवार को न्याय सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की मांग की।

राजद नेता ने एनएचआरसी के अध्यक्ष को संबोधित पत्र में कहा कि रोशन यादव 27 मई 2026 से न्यायिक हिरासत में था। जेल अधिकारियों के अनुसार, उसकी मौत फांसी लगाने से हुई। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए उसके शरीर पर कई चोट के निशान होने की बात कही है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी गिरफ्तारी के संबंध में परिजनों को कोई लिखित सूचना नहीं दी गई थी।

श्री यादव ने कहा कि मधुबनी प्रशासन ने संकेत दिया है कि एनएचआरसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार मजिस्ट्रेट जांच कराई जाएगी और उसकी रिपोर्ट आयोग को सौंपी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित