मधुबनी , अक्टूबर 14 -- बिहार के मधुबनी जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर 1081 लीटर देशी शराब जब्त की है। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने बताया कि नवरात्रि पर्व को देखते हुए जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के 87 संवेदनशील एवं संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।उन्होंने बताया कि पर्व-त्योहार के दौरान तस्कर अवैध शराब की तस्करी और बिक्री बढ़ाने की कोशिश करते हैं। इसे रोकने के लिए संवेदनशील इलाकों में वर्दीधारी जवानों के साथ सादे लिबास में भी जवानों को तैनात किया गया है। ड्रोन टीम ने दूर-दराज के इलाकों में तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में अर्धनिर्मित शराब का पता लगाया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।इस दौरान एक शराब तस्कर और दो शराबियों को गिरफ्तार किया गया। टीम ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो गाड़ियों को भी जब्त किया है।
उत्पाद अधीक्षक ने आम लोगों से जहरीली और अवैध शराब से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र में शराब की बिक्री या तस्करी की सूचना तत्काल विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित