मधुबनी , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश पुलिस ने बिहार के मधुबनी जिले में नकली सिक्के बनाने और उन्हें बाजार में खपाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मिथिलेश चौरसिया को गिरफ्तार किया है।
सहारनपुर पुलिस ने मधुबनी पुलिस के सहयोग से राजनगर थाना क्षेत्र के लहुंगांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी पर करीब 70 करोड़ रुपये के नकली सिक्कों को बाजार में खपाने वाले गिरोह से जुड़े होने का आरोप है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर नगर थाने के उपनिरीक्षक इकबाल सिंह तोमर के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम आरोपी को अपने साथ सहारनपुर ले गई। इस मामले में सहारनपुर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित