मधुबनी , अक्टूबर 20 -- बिहार में मधुबनी शहर सहित जिले भर में शारदीय नवरात्र के दशमी अनुष्ठान का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। मंगलवार को सभी पूजा पंडालों और देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दशमी पूजा, हवन-पूजन, आरती और कन्या पूजन किया गया। महिलाओं ने माता को सिंदूर, चुनरी अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

हालांकि मिथिला पंचांग के अनुसार दशमी तिथि 20 अक्टूबर मंगलवार को होने के कारण आज प्रतिमा विसर्जन नहीं किया गया।

पंडितों के अनुसार उदया तिथि को देखते हुए प्रतिमा विसर्जन बुधवार को शुभ माना गया है। इसलिए जिले भर में सभी दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार 21 अक्टूबर को विजयादशमी के शुभ मुहूर्त में किया जाएगा।

मिथिला पंचांग के जानकार प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पं. मोहित नारायण मिश्र ने बताया कि मिथिला पंचांग की गणना के अनुसार 20 अक्टूबर मंगलवार सुबह 9 बजकर 46 मिनट तक नवमी तिथि तथा सुबह 9 बजकर 47 मिनट से दशमी तिथि प्रारंभ हो गई। मिथिला पंचांग के अनुसार हवन (होम) 20 अक्टूबर को मान्य होगा। 20 अक्टूबर को नवमी युक्त दशमी में होम करना शास्त्र सम्मत और फलदायी रहेगा। प्रतिमा विसर्जन बुधवार, 21 अक्टूबर को होगा। दशमी तिथि में विसर्जन करने से मां दुर्गा का आशीर्वाद अक्षय बना रहता है। इधर, प्रशासन ने विसर्जन को लेकर सभी प्रमुख तालाब और नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित