मधुबनी , जून 30 -- बिहार के मधुबनी जिले में जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देशन में पहली बार राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एन.आई.सी) के ई-एप्लीकेशन के माध्यम से कार्यपालक सहायकों,आईटी सहायकों एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों सहित 1700 से अधिक कर्मियों का ऑनलाइन रैंडमाइजेशन प्रणाली से स्थानांतरण एवं पदस्थापन संपन्न कराया गया।

यह पहल पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन की दिशा में एक अनुकरणीय मॉडल के रूप में देखी जा रही है।

इस उपलब्धि के बाद जिलाधिकारी श्री शर्मा ने कहा कि प्रशासन पारदर्शी, जवाबदेह एवं तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर कर्मियों का स्थानांतरण किसी मानवीय हस्तक्षेप के बजाय पूरी तरह डिजिटल ऑनलाइन रैंडमाइजेशन प्रणाली के माध्यम से करना एक नई शुरुआत है।

स्थानांतरण की इस पूरी प्रक्रिया का जिला प्रशासन मधुबनी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर लाइव प्रसारण भी किया गया, जिससे संबंधित कर्मियों एवं आम नागरिकों ने पूरी प्रक्रिया को वास्तविक समय में देखा। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जनविश्वास को नई मजबूती मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित