मधुबनी , अक्टूबर 10 -- बिहार के मधुबनी जिले में नगर थाना पुलिस ने आर्केस्ट्रा केंद्र पर छापेमारी कर छह नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया और दो संचालकों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कैटोला निवासी प्रेम पासवान और पंडौल थाना क्षेत्र के तेतराहा निवासी बजरंगी मुखिया के रूप में हुई है।

सूत्रों ने बताया कि सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 अमित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि संबंधित आर्केस्ट्रा में नाबालिग लड़कियों से अश्लील गानों पर नृत्य कराया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान छह नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया और दोनों संचालकों को गिरफ्तार कर लिया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़कियों के आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में इस्तेमाल किए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित