मधुबनी , अप्रैल 18 -- बिहार के मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को मधुबनी नगर निगम क्षेत्र के सार्वजनिक तालाबों को अतिक्रमणमुक्त करने और उसे सौंदर्यीकरण करने को लेकर बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री शर्मा ने निर्देश दिये कि सभी सार्वजनिक तालाबों का स्थल निरीक्षण कर उसकी वर्तमान स्थिति से अविलंब अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक तालाबों को अतिक्रमणमुक्त कराना एवं उनकी साफ-सफाई के साथ सौंदर्यीकरण करवाना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता में है। उन्होंने निदेश दिये कि इन सभी तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए शीघ्र ही प्रस्ताव दें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बड़े तालाबों को भी चिन्हित कर उसका डीपीआर तैयार कर विभाग को प्रस्ताव भेजें, जिससे इन बड़े तालाबों के सौंदर्यीकरण ससमय किया जा सकें। उन्होंने तालाबों के सौंदर्यीकरण के बाद उसमें गैम्बुसिया मछली डालने के निदेश दिये, जिससे मधुबनी शहर को मच्छरों के प्रकोप से भी निजात दिलायी जा सकें।

गौरतलब है कि गैम्बुसिया मछली मच्छरों के लावा को खाकर डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों को रोकने में मदद करती है।

बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन,नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती,उप निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार, सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक नितेश पाठक, जिला सहकारिता पदाधिकारी सुदर्शन कुमार,मतस्य पदाधिकारी अंजनी कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित