मधुबनी , मार्च 12 -- बिहार में मधुबनी जिले के विभन्न प्रखंड क्षेत्रों में घरेलू गैस की किल्लत से लोगों में अफरातफरी मच गयी है।
लोगों में गैस के लिए देखी गई मारामारी के बाद कालाबाजारी का अंदेशा बढ़ गया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि ऐजेंसी कर्मी की साठगांठ से सिलेंडर की उंची रकम में कालाबाजारी की जा रही है। शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की किल्लत को देखते हुए उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
इन हालात में गुरुवार को मधुबनी जिले के जयनगर के राजपुताना मुहल्ला के समीप सीयाराम एचपी गैस ऐजेंसी पर वाहन से सिलेंडर वितरण के समय कुछ उपभोक्ताओं के विरोध करने पर ऐजेंसी संचालक को पुलिस को बुलाने की जरूरत पड़ गई।
उपभोक्ताओं के अनुसार गैस ऐजेंसी संचालक द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति कम दिखाकर मोटी रकम में इसे बेंची जा रही है। शादी विवाह के मौसम और रमजान के महीने के चलते गैस की आवश्यकता बढ़ गई है। गुरुवार को विभिन्न गैस एजेंसियों के गोदाम के बाहर सिलेंडर लेकर लंबी लंबी कतारें देखी गई।
इस परेशानी पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि जिले में गैस की कमी नही है। उन्होने कहा कि गैस नही होने की अफवाह फैलाने वालों और गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित