मधुबनी , मई 19 -- बिहार में मधुबनी जिले में उत्पाद विभाग ने शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
शराब तस्कर एक ही गाड़ी नंबर का इस्तेमाल कई वाहनों में करते हुए पुलिस और उत्पाद विभाग की आंखों में धूल झोंक रहे थे। इस मामले में उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए और पुलिस टीम की घेरेबंदी के साथ इस गोरखधंधे का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में देशी व विदेशी शराब के साथ वाहनों को जब्त किया गया है।
उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर के निर्देश पर विभाग की टीम ने एक साथ मधुबनी जिले के 78 संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी की। इस विशेष अभियान में शराब तस्करों,व्यवसायियों और पियक्कड़ों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई के दौरान पांच शराब तस्कर और छह इस्तेमाल करने वालों को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई में तस्करों के पास से विदेशी शराब 500 लीटर, देशी शराब 25 लीटर तह 7 गाड़ियां बरामद की गईं। इसके अलावा, ड्रोन टीम ने बिस्फी, बेनीपट्टी, दामला और त्रिमुहान के जंगली इलाकों में हवाई सर्वे कर 480 ग्राम अर्धनिर्मित शराब भी पकड़ा और उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया।
उत्पाद अधीक्षक श्री ठाकुर ने बताया कि जिले में शराब तस्करों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। तस्करों के ठिकानों पर लगातार अभियान चलाकर शिकंजा कसा जा रहा है। पकड़े गए सभी 11 लोगों के खिलाफ कागजी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित