मधुबनी , मार्च 11 -- बिहार के मधुबनी जिले की पुलिस ने हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की रात भेजा थाना की पुलिस टीम खरीक चोक के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाईक पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार ने फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

सूत्रों ने बताया कि तलाशी के दौरान पकड़े गये लोगों के पास से एक लोडेड देशी कट्टा और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बाइक चालक की पहचान भेजा थाना क्षेत्र के नीमा निवासी गुलाई यादव के पुत्र ललन कुमार यादव के रूप में की गयी है। पुलिस ने हथियार और बाईक को जब्त कर लिया है। ललन यादव को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि बाइक पर सवार नाबालिग के विरूद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित