मधुबनी , अप्रैल 30 -- बिहार में मधुबनी जिले की पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफास किया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित कुमार ने गुरूवार को बताया कि सूचना मिली थी कि चकदह जाने वाली ब्रिज के नीचे दुकानदार रामकृष्ण दास के द्वारा नशे का कारोबार किया जा रहा हे। पुलिस ने तुरंत दुकान में छापेमारी की, लेकिन दुकान में नशा से संबंधित कुछ सामान नहीं मिला।दुकान पर झोला लिए बैठे एक युवक को तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में उसके पास से पांच वॉकी-टॉकी , एक इयरबड्स, एक कॉन्टैक्टर डिवाइस और तीन मोबाइल बरामद किया गया। उक्त व्यक्ति ने अपना नाम बैजनाथ दास बताया। बैजनाथ की निशानदेही पर उसके दोस्त पंकज कुमार को गिरफ्तार किया गया ।उसने बताया कि वह मधुबनी शहर के एक होटल में रुका है और वह यह सामान लेने आया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर वॉकी-टॉकी और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए उत्तर उपलब्ध कराते थे। उन्होंने बताया कि उनके गिरोह का सरगना राजेश रोशन बेगूसराय का निवासी है, जबकि एक अन्य सहयोगी गोपालगंज जिला निवासी रामप्रवेश गुप्ता भी इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। पुलिस इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित