मधुबनी , मई 27 -- बिहार में मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान रहिका थाना क्षेत्र के सप्ता गांव निवासी 28 वर्षीय किशोरी दास और 35 वर्षीय श्री चंद दास के रूप में हुई है। दोनों भाई मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और टाइल्स लगाने का काम करते थे।
सूत्रो ने बताया कि मंगलवार की देर शाम दोनों भाई काम करने के बाद पैसा लेकर घर लौट रहे थे। इस दौरान राजनगर थाना क्षेत्र के बेलवार पवन चौक स्थित भट्ठा के पास अचानक एक तेज रफ्तार ऑटो रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों घायलों को सदर अस्पताल मधुबनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और ऑटो रिक्शा की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित