मधुबनी , मार्च 30 -- बिहार के मधुबनी जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 48 वीं बटालियन जयनगर के बीओपी जवानों ने गश्ती के दौरान नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश करने के क्रम में नेपाली मुद्रा के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।

एसएसबी 48 वीं बटालियन की तरफ से आज जारी बयान में कहा गया है कि जयनगर के जानकी नगर बीओपी के जवानों की ओर से चल रहे सघन चेकिंग अभियान के क्रम में सीमा पीलर संख्या-277/01 के समीप नो मैंस लैंड के पास से एक बाईक पर दो संदिग्ध व्यक्ति नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे थे। एसएसबी जवानों ने दोनों व्यक्तियों को रोक कर उनके बाईक की तलाशी ली तो गाड़ी की डिक्की से 13 लाख 4 हजार नेपाली रुपये बरामद किये गये।

एसएसबी ने रूपये जब्त करने के साथ दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ से मालूम हुआ कि हरलाखी थाना के रहने वाले दोनों व्यक्ति पैसा नेपाल से लेकर उमगांव के एक व्यापारी को देने जा रहे थे। बाद में एसएसबी ने दोनों व्यक्तियों को जयनगर कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।

कस्टम इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों व्यक्ति को छोड़ दिया जाएगा तथा जब्त राशि एसएसबी के सुपुर्द कर दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित