मधुबनी , मार्च 18 -- बिहार में मधुबनी जिले के जिलाधिकारी(डीएम) अरविन्द कुमार वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेंद्र कुमार ने ईद पर्व को शांतिपूर्ण सौहाद्रपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने एवं इस अवसर पर जिले में विधिव्यवस्था संधारण के लिए संयुक्त आदेश जारी किया है, जिसके तहत जिले के 432 स्थानों पर 864 दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ साथ काफी संख्या में पुलिस के जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

डीएम ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को ससमय प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर अपने दायित्व का निर्वहन करने का निर्देश दिया है। सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित होकर संयुक्त फोटो, व्हाट्सएप नम्बर पर भेजेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा है कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें और शांति भंग करने वालों या कानून को हाथ में लेने वालों पर विधिसम्मत कर्रवाई करें। उन्होंने सभी प्रखंडों के बीडीओ,सीओ तथा थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि आपस मे समन्वय बनाकर लगातार सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर स्थिति पर कड़ी नजर रखें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित