मधुबनी , मार्च 25 -- बिहार के मधुबनी जिले में 01 से 09 मई तक श्री श्री 1008 आयुथ सत चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जायेगा। विश्व प्रसिद्ध सौराठ सभा गाछी से महज दो सौ मीटर की दूरी पर आगामी 01 मई से 09 मई 2026 तक भव्य श्री श्री 1008 आयुथ सत चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
इस महायज्ञ को लेकर बुधवार को विधिवत रूप से कार्यालय का उद्घाटन मिथिलांचल की पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान शंख वादन, मंगल गीत एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित यज्ञ समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह महायज्ञ मधुबनी जिले में अब तक का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस महायज्ञ का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान करना ही नहीं, बल्कि सनातन धर्म के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना भी है।
यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि इस नौ दिवसीय महायज्ञ में लगभग 400 विद्वान पंडितों द्वारा लगातार वैदिक मंत्रों के साथ आहुति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यज्ञ में दी जाने वाली आहुति से न केवल आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होता है, बल्कि पर्यावरण भी शुद्ध और सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है।
समिति के सदस्यों ने कहा कि "सनातन धर्म की रक्षा में ही सभी धर्मों की रक्षा निहित है।" इस महायज्ञ के माध्यम से समाज में एकता, शांति और सद्भाव का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजन समिति ने सभी ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस महायज्ञ में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें। साथ ही, जो भी श्रद्धालु इस आयोजन में चंदा या सहयोग राशि देना चाहते हैं, उनके लिए संस्था द्वारा क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे वे आसानी से अपना योगदान दे सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित