मधुबनी, मार्च 12 -- बिहार में मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गुरूवार को एक बैंक कर्मी को गोली मारकर उसकी बाइक लूट ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक की बाबूबरही शाखा में कार्यरत ओम प्रकाश बैंक से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान बेलवार चौक के निकट बाइक सवार तीन अपराधियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।अपराधियों से बचने के लिए ओम प्रकाश ने अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन वह आगे जाकर असंतुलित होकर गिर गए। बाईक से गिरने के बाद अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और उनकी बाइक लूटकर फरार हो गए।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ओम प्रकाश को सदर अस्पताल मधुबनी में भर्ती कराया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित