मधुबनी , अप्रैल 04 -- बिहार में मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के शाहपुर में बीती रात बेखौफ अपराधियों ने एक युवक को गोली मारी है।
इस घटना में जख्मी हुए युवक की पहचान शाहपुर के आदित्य कुमार के रूप में हुई है। जख्मी हुए युवक का इलाज फिलहाल दरभंगा के डीएमसीएच में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति स्थिर है। युवक रात करीब एक-डेढ़ बजे अपने कुछ मित्रों के साथ पास के हाईस्कूल फील्ड में टहल रहा था। इसी दौरान गांव का ही एक व्यक्ति स्कोर्पियो में सवार होकर आया और बहसबाजी करने लगा। इसी बहसबाजी के दौरान युवक ने जीरो पॉइंट से गोली पेट और हाथ में मार दी। जख्मी आदित्य को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे मधुबनी सदर अस्पताल रेफर कर दिया।मधुबनी में भी युवक की स्थिति नाजुक देख सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे दरभंगा रेफर कर दिया।
इस फायरिंग की जानकारी मिलते ही एसएचओ सह पुलिस इंस्पेक्टर शिव शरण साह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। घटनास्थल की घेराबंदी कर एफएसएल को बुलाया गया, जहां पुलिस को एक खोखा और शराब की बोतल भी बरामद हुई।
पुलिस उपाधीक्षक(डीएसपी) अमित कुमार ने बताया कि, घटनास्थल का जायजा लिया गया है। एफएसएल और अन्य स्रोतों से जानकारी ली जा रही है। जख्मी युवक के फर्दबयान के लिए बेनीपट्टी पुलिस दरभंगा गयी है। फर्दबयान आने के बाद एफआईआर दर्ज कर संलिप्त अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित