मधुबनी , मई 17 -- बिहार में मधुबनी जिला शिक्षक संघ ने रविवार को जिले में नव-नियुक्त दो सौ प्रधानाध्यापकों को एक समारोह में सम्मानित किया।

इस समारोह का उदघाटन विधान पार्षद मदन मोहन झा,जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय कुमार पांडेय,सदर अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा एवं बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अन्य गणमान्य अतिथियों ने एक साथ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।

इस समारोह में मुख्य रूप से मधुबनी जिला के सभी 21 प्रखंडों के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालयों के करीब दो सौ नवनियुक्त प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया।

इस सम्मान समारोह की अध्यक्षता बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई मधुबनी के अध्यक्ष फैयाज़ अहमद ने किया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी चन्दन झा ने नवनियुक्त प्रधानाध्यापकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि शिक्षक से प्रधानाध्यापक बनने की चुनौती अलग होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को संवेदनशील,अनुशासित एवं बौद्धिक रूप से समृद्ध बनाने में प्रधानाध्यापकों की बड़ी भूमिका होगी है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानाध्यापक का पद एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है, जिसे बहुत ही कुशलता पूर्वक निभाने की आवश्यकता होगी है।

विधान पार्षद डॉ. मदन मोहन झा ने नवनियुक्त प्रधानाध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य में प्रगति की नींव उत्तम शिक्षा से ही डाली जाती है, जिसे आगे बढ़ाने का भार शिक्षकों पर होता है।

इस कार्यक्रम मे बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ राज्य इकाई पटना के सहायक चुनाव आयुक्त हरिवंश नारायण चौधरी,संयुक्त सचिव विनय मोहन, कोषाध्यक्ष प्रवीण,संयुक्त सचिव अनिल कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित