मधुबनी , मई 31 -- बिहार के मधुबनी जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मृतक की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-08 निवासी मो. एहसान के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जयनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सदानंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक के पिता मो. मंसूर ने आरोप लगाया है कि बैरा गांव निवासी मो. जाहिद, मो. सुकरी और मो. सिकंदर ने उनके पुत्र की हत्या की है। उन्होंने बताया कि मो. एहसान उक्त लोगों के यहां मजदूरी का काम करता था और शनिवार की शाम बकाया मजदूरी मांगने उनके घर गया था।

परिजनों के अनुसार कुछ देर बाद जाहिद के परिजन ने मृतक की पत्नी गुलशन खातून को सूचना दी कि एहसान शराब पीकर बेहोश हो गया है। जब वह मौके पर पहुंचीं तो उन्होंने अपने पति को मृत अवस्था में पाया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गए।

एसडीपीओ सदानंद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी विवाद के दौरान धक्का-मुक्की में गिरने से मौत होने की आशंका है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि मृतक के पिता के बयान पर जयनगर थाना में कांड संख्या 246/26 दर्ज कर लिया गया है। मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित