मधुबनी , अगस्त 11 -- बिहार में मधुबनी जिले के रामपट्टी स्थित मंडल कारा में बंद एक कैदी की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके परिजनों ने मंगलवार को सदर अस्पताल में हंगामा किया।

मृतक की पहचान अरेर थाना क्षेत्र के ब्रह्मोतरा गांव निवासी रौशन यादव के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ रहिका थाना क्षेत्र स्थित ननिहाल में रहता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले रहिका थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में रौशन यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मृतक की बहन का आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने साजिश के तहत झूठे मुकदमे में फंसाकर उसके भाई को जेल भिजवाया था।

मृतक की बहन ने बताया कि रहिका थाना की ओर से उन्हें सूचना दी गई कि इलाज के दौरान सदर अस्पताल मधुबनी में उसके भाई की मौत हो गई है। बहन के मुताबिक, वह बीते शनिवार को ही जेल में भाई से मिलने गई थी। तब उसने सब कुछ ठीक बताया था, लेकिन यह भी जिक्र किया था कि जेल के अंदर कुछ कैदियों के माध्यम से उसके साथ मारपीट की जाती है।

इस मामले में परिजनों का सीधा आरोप है कि जेल के अंदर पुलिसकर्मियों और कुछ अन्य कैदियों की मिलीभगत से साजिश रचकर रौशन की हत्या की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित