मधुबनी , मई 02 -- बिहार में मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र में शनिवार को पानी से भरे खड्ड में डूबकर दो सगे भाइयों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मलंगिया गांव में पानी से भरे खड्ड में डूबकर दो सगे भाइयों की मौत हो गई।मृतकों की पहचान श्याम लाल महतो के पुत्र समर कुमार (07) और ऋषि कुमार (05) के रूप में हुई है।

सूत्रों ने बताया कि दोनों बच्चे आज अपनी मां के साथ कमला नहर के समीप खेतों में गए हुए थे। मां खेत में काम करने में व्यस्त थी, जबकि दोनों बच्चे नहर किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान खेल-खेल में समर जेसीबी द्वारा खोदे गए गहरे गड्ढे में गिर गया। उसे डूबता देख छोटा भाई ऋषि उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन पानी गहरा होने के कारण दोनों भाई डूब गये। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तबतक उनकी मौत हो चुकी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित