मधुबनी , जनवरी 13 -- बिहार में मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडौल पावर ग्रिड में मंगलवार को एक बड़े हादसे में कार्यपालक अभियंता समेत चार कर्मी झुलस गये हैं।

यह हादसा दिन के करीब चार बजे हुआ, जब बिजली आपूर्ति पैनल में हुए जोरदार धमाके में कार्यपालक अभियंता समेत चार कर्मी गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

इस घटना के समय सभी कर्मी पंडौल ग्रिड में सप्लाई पैनल से जुड़े कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे पैनल में विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद पैनल में मौजूद लिक्विड में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर चारों कर्मी झुलस गए। घायलों की पहचान पूर्णिया निवासी अश्वनी कुमार (सहायक कार्यपालक अभियंता, पंडौल ग्रिड), खजौली निवासी सज्जन कुमार (ऑपरेटर), अंधरी निवासी गार्ड कमरुजमा तथा खजूरी निवासी गार्ड प्रमोद राय के रूप में की गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पंडौल और सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से एंबुलेंस मंगाई गई और सभी घायलों को पंडौल स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दो कर्मियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

इस मामले में प्रशासन और विद्युत विभाग की ओर से हादसे की जांच की जा रही है, ताकि विस्फोट के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित