चेन्नई , अक्टूबर 30 -- मद्रास उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को थेनी जिले के बोडिनायकनूर विधानसभा क्षेत्र से द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) विधायक ओ. पन्नीरसेल्वम की अप्रैल में हुई जीत को चुनौती देने वाली एक चुनाव याचिका को खारिज कर दिया।

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री पन्नीरसेल्वम, अन्नाद्रमुक छोड़कर द्रमुक में शामिल हुए थे और उन्होंने अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र बोडिनायकनूर से लगातार चौथी बार जीत दर्ज की। इससे पहले वह 2011, 2016 और 2021 में अन्नाद्रमुक के टिकट पर और 2026 के चुनाव में द्रमुक के टिकट पर चुने गए थे।

पन्नीरसेल्वम ने 85,206 वोट हासिल कर अपने निकटतम तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रतिद्वंद्वी एस. प्रकाश को 6,805 वोटों के अंतर से हराया था। प्रकाश को 78,401 वोट मिले थे। बोडिनायकनूर के निवासी टी. कन्नन और चेन्नई निवासी मिलानी नामक दो मतदाताओं ने अलग-अलग याचिकाएं दायर कर श्री पन्नीरसेल्वम के निर्वाचन को अमान्य घोषित करने की मांग की थी।

इसके जवाब में श्री पन्नीरसेल्वम ने भी याचिकाएं दायर कर दोनों चुनाव याचिकाओं को खारिज करने की मांग की थी। उन्होंने तर्क दिया था कि मामले में सुनवाई शुरू करने के लिए कोई वैध आधार या ठोस सबूत प्रस्तुत नहीं किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित