दरभंगा , सितंबर 05 -- बिहार के दरभंगा जिले में मद्य निषेध विभाग एवं जिला पुलिस बल ने भारी मात्रा में विदेशी एवं देशी शराब बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।मद्यनिषेध विभाग की टीम ने फेकला थाना क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 6.50 लाख रुपये मूल्य की 553.320 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में दो अभियुक्तों के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध, दरभंगा प्रदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध विभाग की टीम ने फेकला थाना क्षेत्र के अंदामा, वार्ड संख्या-04 में छापेमारी की। इस दौरान मौके से 553.320 लीटर विभिन्न कंपनियों एवं विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये है।

श्री कुमार ने बताया कि बरामद शराब के संबंध में दो अभियुक्तों के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए विभागीय एवं पुलिस स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

सहायक आयुक्त ने कहा कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर छापेमारी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

वहीं दरभंगा जिले में पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, सेवन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 38.6 लीटर शराब बरामद की तथा तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सूचना के आधार पर बिरौल थाना क्षेत्र में विशनपुर से कौआ जाने वाली मुख्य सड़क पर छापेमारी की गई। इस दौरान एक मोटरसाइकिल से 30.6 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी। मौके से बिरौल थाना क्षेत्र के सुपौल बाजार निवासी कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया।

एक अन्य कार्रवाई में घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के रसियारी पुल के पास पुलिस नेn मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को आठ लीटर देशी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कनकी मुसहरी निवासी फेकन सदा एवं मधुबनी जिला के लखनऊ थाना क्षेत्र के जोड़ला गांव निवासी जयप्रकाश सदाय के रूप में की गयी है।

पुलिस ने दोनों मामलों में बरामद शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मद्यनिषेध कानून के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित