पटना , अक्टूबर 14 -- मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी की अध्यक्षता में बुधवार को उत्पाद एवं निबंधन पक्ष से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा बैठक में मद्यनिषेध कानून के प्रभावी अनुपालन को सुदृढ़ करने के निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान राज्य में मद्यनिषेध कानून के अनुपालन की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस क्रम में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा मद्यनिषेध कानून के सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिये संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बड़े वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान ट्रक सहित अन्य बड़े वाहनों के माध्यम से होने वाली अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन छापेमारी एवं जब्ती की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया।
चेकपोस्टों की निगरानी एवं व्यवस्था में सुधार राज्य के विभिन्न चेकपोस्टों पर निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। लंबे समय से एक ही स्थान पर प्रतिनियुक्त कर्मियों के स्थानांतरण, सीसीटीवी मॉनिटरिंग की सुविधा बढ़ाने तथा कर्मियों के लिए समुचित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सूखे नशे की रोकथाम सूखे नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए इसकी रोकथाम के लिए पुलिस विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने तथा व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित