नयी दिल्ली , अप्रैल 28 -- मदर डेयरी ने इस बार गर्मी के सीजन में 30 से अधिक नये उत्पाद बाजार में उतारने की मंगलवार को घोषणा की और कहा कि इससे उससे प्रमुख श्रेणियों में कारोबार 30 प्रतिशत तक बढ़ने की उम्मीद है।

कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इन मूल्य-वर्द्धित उत्पादों को पूरे सीजन के दौरान चरणबद्ध तरीके से बाजार में उतारा जायेगा। इंडल्जेंस, सेहत, सुविधा और क्षेत्रीय पसंद जैसे प्रमुख पहलुओं पर आधारित ये उत्पाद हर उम्र के उपभोक्ताओं और बदलती जीवनशैली के लिए विविध और आकर्षक विकल्प पेश करते हैं।

आइसक्रीम सेगमेंट में ब्रांड लगभग 20 नये उत्पाद ला रहा है। इनमें पहली बार टू-इन-वन मटका और टब फॉर्मेट, प्रीमियम क्राफ्टेड रेंज, तथा युवाओं को पसंद आने वाले फ्लेवर्स जैसे क्रीम चीज पिस्ता कोन और पिस्ता कुल्फी कसाटा शामिल हैं। इसके अलावा, गो‑लो सब‑ब्रांड के तहत कम कैलोरी वाली आइसक्रीम की नयी रेंज भी पेश की जा रही है, जो तीन स्वादिष्ट फ्लेवर्स - चोको आल्मंड, शाही मेवा और केसर पिस्ता टिल्ला कुल्फी - में उपलब्ध होगी।

कंपनी अपने फ्रेश डेयरी पोर्टफोलियो में जामुन योगर्ट और भुना जीरा रायता जैसे उत्पाद ला रही है। नयी कैटेगरी श्रीखंड को पश्चिमी बाजारों के लिए तीन स्वादिष्ट फ्लेवर्स में पेश किया जायेगा और उत्तरी बाजारों के लिए मीठी दही पेश की जायेगी।

कंपनी अपने यूएचटी दूध पोर्टफोलियो का भी विस्तार करेगी, जिसमें काउ मिल्क और स्टैंडर्डाइज़्ड मिल्क को जम्मू एवं कश्मीर जैसे बाजारों में पेश किया जायेगा, ताकि सुविधाजनक और लंबी शेल्फ‑लाइफ वाले विकल्पों की बढ़ती मांग पूरी की जा सके। इसके अतिरिक्त, हाई‑प्रोटीन 'प्रो' रेंज को प्रोकर्ड और प्रोपनीर - क्रमशः हाई‑प्रोटीन दही और हाई‑प्रोटीन पनीर - के साथ और मजबूत किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित