वाराणसी , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के भेलूपुर क्षेत्र में मंगलवार को रेवड़ी तालाब इलाके में एक मदरसे में शादी समारोह के दौरान लिफ्ट अनियंत्रित होकर गिर जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि रेवड़ी तालाब स्थित चार मंजिला मदरसा जामिया हमीदिया रिजविया में शादी की रस्में चल रही थीं। मदनपुरा निवासी आसिब आदिल (23) और हसनैन रजा (21) शादी में शामिल होने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद दोनों लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर तेज आवाज के साथ नीचे गिर गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत लिफ्ट से दोनों युवकों को बाहर निकाला और उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए जहां इलाज के दौरान आसिब आदिल की मौत हो गई, जबकि हसनैन रजा का इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित