पटना , अगस्त 25 -- बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने मंगलवार को कहा कि मदरसा और संस्कृत शिक्षकों का लंबे समय से वेतन लंबित होने के कारण उनके समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है और इस समस्या को देखते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की ओर से 27 अगस्त को गर्दनीबाग में धरना का आयोजन किया जायेगा।
श्री मंडल ने कहा कि अफसोस कि बात है कि राज्य सरकार के स्तर से इनके लंबित वेतन तथा अन्य समस्याओं के निराकरण के मामले में शिक्षा विभाग पूरी तरह से मौन है। ऐसा लगता है कि सरकार में बैठे हुए लोग मदरसा और संस्कृत शिक्षकों के प्रति गंभीर नहीं है और उनके परिवार की स्थिति पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है ।
राजद प्रदेश अध्यक्ष न कहा कि राष्ट्रीय जनता दल मदरसा एवं संस्कृत शिक्षकों के लंबित वेतन के भुगतान और अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए उनके साथ हर स्तर पर खड़ी है और इस दिशा में सरकार को ध्यान आकृष्ट कराने के लिए राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की ओर से 27 अगस्त को गर्दनीबाग पटना में एक दिवसीय धरना दिया जाएगा और धरने के माध्यम से मदरसा एवं संस्कृत शिक्षा बोर्ड के द्वारा किए जा रहे अन्यायपूर्ण व्यवहार और राज्य सरकार के द्वारा उनके लंबित वेतन को अति शीघ्र दिए जाने की मांग की जाएगी।
श्री मंडल ने कहा कि सरकार इस दिशा में मदरसा और संस्कृत शिक्षकों के प्रति अपने व्यवहार में बदलाव लाए और उनके साथ हो रहे अन्यायपूर्ण नीतियों को वापस ले और अति शीघ्र मदरसा एवं संस्कृत शिक्षकों के लंबित वेतन भुगतान के लिए आदेश निर्गत करें. अन्यथा उनक पार्टी सड़क पर संघर्ष और आंदोलन तेज करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित